Police crackdown on black gang in Jhunjhunu

झुंझुनूं में ब्लैक गैंग पर पुलिस का शिकंजा, 15 वाहन जब्त, 10 लोगों से पूछताछ

झुंझुनूं। जिले के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सोटवारा गांव में पुलिस ने ब्लैक गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 वाहनों को जब्त किया है। इस दौरान 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि कार्रवाई के दौरान फतेहपुर थाना क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर पुलिस की पकड़ से बचकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सोशल मीडिया पर मिली थी इनपुट

पुलिस को सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया पर सक्रिय ब्लैक गैंग के सदस्य सोटवारा गांव में काफिले के साथ एकत्रित हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल योजना बनाकर गांव में दबिश दी। मौके पर खड़े कई वाहनों पर “ब्लैक ग्रुप” लिखा हुआ मिला, जिसके बाद पुलिस ने सभी वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कई पुलिस टीमों ने मिलकर की कार्रवाई

इस अभियान में डीएसटी, क्यूआरटी, मुकुंदगढ़, मंडावा और नवलगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को मौके पर देखकर कुछ संदिग्ध खेतों की ओर भाग निकले, जबकि 10 लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

फरार हिस्ट्रीशीटर की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान फतेहपुर थाना क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर अपने कुछ साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही जब्त किए गए 15 वाहनों की जांच भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में हुआ है या नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top