बिशनपुरा गांव में बाबा सावंतराम महाराज मेले के तहत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में पातुसरी टीम की जीत का जश्न।

बिशनपुरा मेले में क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, पातुसरी ने 34 रन से जीता उद्घाटन मुकाबला

झुंझुनूं। बिशनपुरा गांव में श्री श्री 1008 बाबा सावंतराम महाराज की 23वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय मेले का शुभारंभ खेल प्रतियोगिताओं और धार्मिक आयोजनों के साथ हुआ। मेले के पहले दिन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया, जिसमें पातुसरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उद्घाटन मुकाबले में जीत दर्ज की।

क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ लक्ष्यराज ने किया। प्रतियोगिता बाबा सावंतराम महाराज के वंशज रामदेव सिंह कुलहरि के सान्निध्य में आयोजित की जा रही है। आयोजक संजीव कुलहरि और राजेश कुलहरि ने बताया कि उद्घाटन मैच सीरियासर कलां और पातुसरी की टीमों के बीच खेला गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पातुसरी की टीम ने निर्धारित ओवरों में 105 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीरियासर कलां की टीम 71 रन पर सिमट गई। इस तरह पातुसरी ने 34 रनों की शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश किया।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी हुआ शुभारंभ

मेले के तहत गुरुवार शाम पांच दिवसीय रात्रिकालीन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। मेला कमेटी के सदस्यों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फीता काटकर प्रतियोगिता की शुरुआत की तथा सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों को अनुशासन, स्वास्थ्य और भाईचारे का सशक्त माध्यम बताया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में देलसर और बिशनपुरा की टीमें आमने-सामने रहीं। मुकाबले में बिशनपुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देलसर को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

मेले के शुभारंभ अवसर पर मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिताओं को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर हरिराम, राजकुमार, महीपाल, शिशपाल, परमजीत, राकेश, सुनील, रामप्रताप, शेर सिंह, संत कुमार और गोपाल पूनिया सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top